उधमपुर। ब्लॉक टिकरी में सरकारी मिडिल स्कूल लैहनू की इमारत खस्ताहाल हो गई है। हालांकि लोगों ने कई बार विभाग के उच्च अधिकारियों से इमारत की मरम्मत की गुहार लगाई है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि स्कूल में बने कई कमरों के फर्श व दीवारों से सीमेंट उखड़ चुका है। खिड़कियों पर लगी जाली भी क्षतिग्रस्त हो चुकी है। मौजूदा समय में स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की संख्या 50 के करीब है।
जानकारी के मुताबिक स्कूल 40 साल पुराना है। जिसके चलते मौजूदा समय में स्कूल की इमारत कई जगहों से खस्ताहाल हो गई है। हालांकि स्कूल में चारदीवारी, खेल मैदान, शौचालय व पानी की पर्याप्त व्यवस्था है। लेकिन इमारत की खस्ताहाल से स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के साथ साथ उनके अभिभावक भी काफी परेशान हैं। इसके चलते वह लोग कई बार विभाग से स्कूल की इमारत की मरम्मत की गुहार लगा चुके है।
इस संदर्भ में सीईओ कमल किशोर बडयाल और पूर्व सरपंच ललिता देवी ने बताया कि स्कूल की इमारत की मरम्मत के लिए प्रस्ताव बनाकर भेज दिया गया है। जैसे ही मंजूरी मिलती है इमारत की मरम्मत का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।