उधमपुर। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 2005 में पंचायत लाड़ में पड़ते गुड़ी क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए सब सेंटर बनाया गया था। इस सब सेंटर पर दस गांवों की तकरीबन 10 हजार से अधिक आबादी निर्भर है। क्षेत्र की आबादी अधिक होने के चलते व सब सेंटर में मूलभूत स्वास्थ सुविधाओं की कमी के कारण ज्यादातर लोग जीएमसी उधमपुर आकर इलाज करवाने को मजबूर हैं।
हैरानी यह है कि 20 साल बीत जाने के बाद भी इस सेंटर को अपग्रेड नहीं किया गया। हालांकि क्षेत्रवासी कई बार स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों से इस सेंटर को अपग्रेड कर पीएचसी सेंटर बनाने की मांग कर चुके हैं। आज तक सिवाए आश्वासन के कुछ नहीं मिला। इतना ही नहीं क्षेत्र में होने वाली कई प्रशासनिक बैठकों के अलावा बैक टू विलेज की बैठक में भी इस सेंटर को पीएचसी बनाने की मांग पूर्व सरपंच व स्थानीय लोग उठा चुके हैं। उसके बावजूद सेंटर को अपग्रेड नहीं किया गया।
इस संदर्भ में पूर्व सरपंच मदन लाल ने बताया कि सब सेंटर को अपग्रेड कर पीएचसी बनाने के लिए वह स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों को ज्ञापन सौंप चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस सेंटर पर तकरीबन 10 गांवों के लोग इलाज करवाने के लिए आते हैं, लेकिन सब सेंटर होने के कारण यहां पर अभी भी स्वास्थ्य सुविधाओं की भारी कमी है। इसके चलते ज्यादातर लोग अपना इलाज करवाने के लिए जीएमसी उधमपुर जाते हैं।
उन्होंने बताया कि दूरदराज का क्षेत्र होने के चलते लोगों को उधमपुर जाकर इलाज करवाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग व डीसी से क्षेत्र में बने सब सेंटर को अपग्रेड कर पीएचसी बनाने की मांग की है। ताकि लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
इस संदर्भ में डिप्टी सीएमओ डॉ. यासीन का कहना है कि विभाग की ओर से पीएचसी बनाने के लिए क्षेत्र में 20 हजार की आबादी होनी जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर क्षेत्र की आबादी विभाग के नियमों अनुसार पाई गई तो सब सेंटर को अपग्रेड कर पीएचसी बना दिया जाएगा।