उधमपुर। शहर के वार्ड 20 में पड़ते संगूर क्षेत्र में स्थित कॉमन पब्लिक स्कूल के पास वाली गली में गंदा पानी बहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीवरेज पाइप लाइन लीक होने के चलते समस्या पेश आ रही है।
लोगों का कहना है कि सीवरेज का गंदा पानी सड़क के बीचो बीच बहने से लोग काफी परेशान हैं। गंदी बदबू के चलते स्थानीय लोगों व दुकानदारों का जीना मुहाल हो गया है, जिसके चलते लोगों ने नगर परिषद व सीवरेज विभाग के अधिकारियों से जल्द से जल्द लीक हुई पाइप की मरम्मत करवाने की मांग की है।
इस संदर्भ में स्थानीय निवासी गुलाम मोहम्मद, राजकुमार, अजय कुमार, वीरेंद्र कुमार सहित अन्य का कहना है कि सीवरेज की पाइप लाइन लीक होने के कारण स्कूल में आने वाले बच्चों के कपड़े भी खराब हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीवरेज पाइप लीक होने के कारण बदबू से लोग अपने घरों के अंदर भी नहीं बैठ पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सफाई कर्मचारी न आने के चलते कई नालियां ब्लॉक होने के साथ ही कचरे से भर गई हैं। उन्होंने नगर परिषद के सीईओ से मांग की कि क्षेत्र में सफाई अभियान चलाकर बंद पड़ी नालियों को साफ करवाएं और सीवरेज की लीक पाइप की मरम्मत का कार्य शुरू करवाएं।