उधमपुर। नशा तस्करी के मामले में गिरफ्तार आरोपी को मामले की जांच और पूछताछ के लिए अदालत ने 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की पहचान मुदसिर निवासी धनोड़ी के रूप में की गई है। जिसे पुलिस ने हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। बुधवार को अदालत से उसकी पुलिस रिमांड की मांग की गई थी।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को उधमपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी ने गश्त के दौरान मुदसिर को 5.63 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। मामले में आगे की जांच और पूछताछ के लिए जांच अधिकारी ने बुधवार को उसे अतिरिक्त सेशन मोबाइल मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया और पुलिस रिमांड की अपील की। आरोपी की तरफ से असिस्टेंट लीगल ऐड डिफेंस काउंसिल के वकील शुभम कपूर मौजूद थे। पुलिस और बचाव पक्ष को सुनने के बाद अदालत ने कहा कि आरोपी के खिलाफ लगाए गए अपराध जघन्य और गैर-जमानती हैं और जांच प्रारंभिक चरण में है इसलिए पुलिस रिमांड की प्रार्थना की अनुमति दी जाती है। इस दौरान आरोपी पुलिस रिमांड में रहेगा और रिमांड की अवधि पूरी होने पर उसे आगे की कार्रवाई के लिए अदालत में पेश किया जाएगा।