उधमपुर। शहर के साथ लगती पंचायत गंडाला में बने सब सेंटर को अपग्रेड कर न्यू टाइप पीएचसी तो बना दिया गया, लेकिन अभी भी स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है। मौजूदा समय में सेंटर में एक्स-रे, अल्ट्रा साउंड, खून की जांच के लिए लेबोरेटरी तक की सुविधा नहीं है।
इस सेंटर में पंचायत गंडाला के साथ साथ अन्य पांच पंचायतों के तकरीबन 15 हजार के करीब लोग अपना इलाज कराने के लिए यहां पर आते हैं। सेंटर किराये की इमारत में चलने के चलते लोगों को कई प्रकार की सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
इस संदर्भ में पूर्व सरपंच कुलदीप, मोहन लाल, राजकुमार, परवीन कुमार, रमेश कुमार सहित अन्य का कहना है कि पांच दिन पहले ही स्वास्थ विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों ने न्यू टाइप पीएचसी की इमारत बनाने के लिए पंचायत का दौरा कर जगह का चयन किया है। अब उन्हें उम्मीद जगी है कि जल्द ही इमारत का निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इस सब सेंटर पर बली, उरखल, तिरछी, नरोड़, पंज तला, चखड़, निंबला, लद्दा सहित कई गांवों के लोग इलाज करवाने के लिए आते हैं। लेकिन सुविधाओं के अभाव के चलते ज्यादातर लोग जीएससी उधमपुर जाकर अपना इलाज करवा रहे हैं। अब पीएचसी बनने से लोगों को कई प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाएं भी मिलना शुरू हो जाएंगी।
सेंटर में मरीजों को नहीं मिल रही है यह सुविधाएं
इस संदर्भ में डिप्टी सीएमओ डॉ. यासीन का कहना है कि लोगों को बेहतर इलाज मिल सके, इसके लिए विभाग की ओर से सब सेंटर को अपग्रेड कर न्यू टाइप पीएचसी बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले वित्त वर्ष के प्लान में इमारत का निर्माण कार्य भी शुरू करवा दिया जाएगा।