उधमपुर। लड्डन के सरकारी स्कूल की इमारत की हालत दयनीय है। इमारत में दरारें पड़ चुकी हैं। इससे विद्यार्थियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने शिक्षा विभाग से स्कूल की नई इमारत बनाने की मांग की है।
शिक्षा विभाग की ओर से शहर के साथ लगते लड्डन क्षेत्र में स्कूल का निर्माण 70 वर्ष पहले किया गया था, ताकि क्षेत्र के बच्चों को पढ़ने के लिए दूर न जाना पड़े। स्कूल में तकरीबन 150 के करीब बच्चे पढ़ रहे हैं, लेकिन इमारत में दरारें पड़ जाने से हालत खस्ता हो गई है। स्थानीय लोग कई बार शिक्षा विभाग से इमारत की मरम्मत करवाने या फिर नई इमारत बनाने की मांग कर चुके हैं। इसके बावजूद आज तक न तो इमारत की मरम्मत का कार्य हो पाया है और न ही स्कूल की नई इमारत बन पाई है। हालांकि मौजूदा समय में स्कूल में चार कमरे हैं। अभी और दो कमरों की जरूरत है। लेकिन विभाग की लापरवाही के चलते इसका खामियाजा बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। कमरों की हालत इतनी दयनीय बनी हुई है कि बारिश के दिनों में सारा पानी अंदर आ जाता है इतना ही नहीं कई कमरों की दीवारों में दरारें पड़ गई हैं। गांववासियों ने शिक्षा विभाग से एक बार फिर से मांग करते हुए कहा कि जल्द से जल्द स्कूल की नई इमारत बनाई जाए। ताकि बच्चों को आ रही परेशानी से निजात मिल सके।
कोट
अगर स्कूल की इमारत मरम्मत के लायक होगी तो उसकी मरम्मत करवा दी जाएगी नहीं तो आने वाले वित्त वर्ष के प्लान में स्कूल की नई इमारत बनाने के लिए प्लान में रखा जाएगा। ताकि बच्चों को आ रही समस्या से निजात मिल सके।
-कल्पना जसरोटिया, डिप्टी सीईओ, शिक्षा विभाग