उधमपुर। कांग्रेस के जिला कार्यकारी अध्यक्ष सुमित मगोत्रा भी कार्यकर्ताओं के साथ श्री माता वैष्णो देवी संघर्ष समिति को समर्थन देने उधमपुर से कटड़ा रवाना हुए थे। हालांकि 25 किलोमीटर की दूरी पर नेशनल हाईवे पर स्थित टिकरी चौक पर उधमपुर पुलिस ने उन्हें रोक लिया और आगे नहीं जाने दिया।
मगोत्रा ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि समिति के लोग शांतिपूर्वक तरीके से आंदोलन कर रहे हैं और कुछ युवा भूख हड़ताल पर बैठे हैं हम उनका समर्थन करने जा रहें हैं तो इसमे कौन सा अपराध है। पुलिस के नहीं मानने पर मगोत्रा ने उनको सिर्फ एक गाड़ी व चार लोगों को जाने देने की मांग की, लेकिन पुलिस ने नहीं माना। इस पर मगोत्रा व उनके साथियों ने हाईवे पर श्राईन बोर्ड व एलजी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। उधमपुर लौटने पर मगोत्रा ने कहा कि हमें टिकरी से लौटा दिया गया।