रामनगर। रामनगर विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है। विधायक डॉ. सुनील भरद्वाज के प्रयासों से स्वीकृत इन तीनों परियोजनाओं पर कुल 276.39 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
स्वीकृत परियोजनाओं में 90 लाख रुपये की लागत से तहसील सोशल वेलफेयर कार्यालय की नई इमारत का निर्माण शामिल है। नई इमारत बनने से गरीब, वृद्ध, विधवा और दिव्यांग लोगों को सामाजिक कल्याण विभाग से संबंधित योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा 109.33 लाख रुपये की लागत से ब्लॉक पशु चिकित्सालय का निर्माण किया जाएगा। क्षेत्र के पशुपालकों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने से उन्हें पशुओं के उपचार के लिए दूरदराज के क्षेत्रों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर बेहतर पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने से पशुपालन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
वहीं, 77.06 लाख रुपये की लागत से मत्स्य पालन विभाग के लिए रामनगर में इंस्पेक्शन एवं वॉचर हट का निर्माण किया जाएगा। इससे क्षेत्र में मत्स्य पालन विभाग के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ मछली पालन गतिविधियों को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
विधायक डॉ. सुनील भारद्वाज ने कहा कि रामनगर के समग्र विकास के लिए वह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि स्वीकृत परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को विभिन्न विभागों से जुड़ी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।