रामनगर। रामनगर-बसंंतगढ़ मार्ग की खस्ताहाल हालत को लेकर शुक्रवार को पैंथर्स पार्टी बसंतगढ़ के उपप्रधान सुदेश ठाकुर ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें सुदेश ठाकुर मार्ग पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और उनमें जमा पानी के बीच नहाते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने इस प्रदर्शन के जरिए सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।
सुदेश ठाकुर ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि रामनगर-बसंंतगढ़ मार्ग लंबे समय से बदहाली का शिकार है। मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन चुके हैं और बारिश के बाद इनमें पानी जमा हो जाता है। उन्होंने कहा कि सड़क पर बने बड़े गड्ढों में जमा पानी किसी स्विमिंग पूल से कम नजर नहीं आता। इससे वाहन चालकों के साथ-साथ राहगीरों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़क की खराब हालत के कारण आए दिन वाहन चालकों को मुश्किलें झेलनी पड़ती हैं और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। अनोखे विरोध प्रदर्शन के माध्यम से उन्होंने रामनगर के विधायक डॉ. सुनील भारद्वाज तक जनता की आवाज पहुंचाने का प्रयास किया।
सुदेश ठाकुर ने लोगों से अपील की कि विरोध प्रदर्शन के वीडियो को अधिक से अधिक साझा करें, ताकि सड़क की समस्या संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर सड़क सुविधा मिलना उनका अधिकार है और मार्ग की जल्द मरम्मत की जानी चाहिए।
सोशल मीडिया पर वायरल इस अनोखे प्रदर्शन को लेकर स्थानीय लोगों में भी चर्चा बनी हुई है। अब देखना होगा कि इस विरोध के बाद रामनगर-बसंंतगढ़ मार्ग की स्थिति सुधारने के लिए संबंधित विभाग की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।