रामनगर। स्वतंत्रता दिवस समारोह के उपलक्ष्य में वीरवार को रामनगर कस्बा देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रशासन की ओर से भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय लोगों और स्कूली विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रामनगर के विधायक डॉ. सुनील भारद्वाज भी रैली में मुख्य रूप से शामिल हुए।
वीरवार सुबह करीब 11 बजे विधायक सुनील भारद्वाज के नेतृत्व में तिरंगा रैली शीश महल से शुरू हुई। रैली मुख्य बाजार, अस्पताल मार्ग, ऐतिहासिक किला और बस अड्डे से होते हुए सरकारी मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान पूरा कस्बा देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
रैली में स्कूली विद्यार्थियों ने करीब 200 मीटर लंबे तिरंगे को हाथों में उठाकर देशभक्ति की अनूठी मिसाल पेश की। विशाल तिरंगा रैली का मुख्य आकर्षण रहा और इसे देखने के लिए जगह-जगह लोग सड़कों के किनारे खड़े नजर आए। विद्यार्थियों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने हाथों में तिरंगा थामकर पूरे उत्साह के साथ ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाए।
इस अवसर पर विधायक सुनील भारद्वाज ने कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों की कुर्बानियों के लिए पूरा देश सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और देश की आजादी का पर्व पूरे उत्साह एवं सम्मान के साथ मनाएं। रैली में तहसीलदार सतीश कुमार, एसडीपीओ सुल्तान मिर्जा, थाना प्रभारी प्रशोतम शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली विद्यार्थी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।