रामनगर। रामनगर-बसंतगढ़ मुख्य मार्ग पर वार्ड नंबर-13 गूंधियां क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े टेढ़े चीड़ के पेड़ राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन गए हैं। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते इन पेड़ों को नहीं हटाया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने संबंधित विभाग और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार गूंधियां इलाके में सड़क के बिल्कुल किनारे स्थित कुछ चीड़ के पेड़ लगातार झुकते जा रहे हैं। बरसात के मौसम में मिट्टी ढीली होने के कारण इनके गिरने का खतरा और बढ़ गया है। यदि इनमें से कोई पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया तो न केवल यातायात कई घंटों तक बाधित हो सकता है, बल्कि उस समय गुजर रहे वाहन इसकी चपेट में आकर गंभीर दुर्घटना का शिकार भी हो सकते हैं।
यात्री वाहन चालकों ने बताया प्रतिदिन इस मार्ग से रामनगर, बसंतगढ़ तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। स्कूल बसें, निजी वाहन, टैक्सियां और आवश्यक वस्तुओं से लदे वाहन भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। ऐसे में मार्ग किनारे झुके हुए पेड़ लोगों की चिंता का कारण बने हुए हैं।
चालकों तथा लोगों ने मांग की कि वन विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा जिला प्रशासन संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण कर जोखिम वाले पेड़ों की पहचान करें और उन्हें तुरंत हटाने या सुरक्षित ढंग से काटने की व्यवस्था करें।