रामनगर। मौसम विभाग की तरफ से भारी बारिश और खराब मौसम की चेतावनी जारी किए जाने के बाद रामनगर की एसडीएम स्वाति शिमर ने क्षेत्रवासियों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों तक मौसम प्रतिकूल रहने की संभावना है, इसलिए लोग बिना आवश्यक कारण के यात्रा करने से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।
एसडीएम ने कहा कि लगातार वर्षा के कारण भूस्खलन, नालों में जलस्तर बढ़ने और सड़कों के बाधित होने जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में नदी-नालों के किनारे जाने से बचें और मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक जोखिम न उठाएं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें तथा केवल प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
उन्होंने बताया कि प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। राहत एवं बचाव दलों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
एसडीएम स्वाति शिमर ने नागरिकों से अनुरोध किया कि किसी भी आपात स्थिति, सड़क बंद होने, भूस्खलन अथवा अन्य समस्या की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें और निर्धारित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।
आपातकालीन संपर्क नंबर
तहसीलदार रामनगर: 8492065919
एसडीपीओ रामनगर: 8899233444
एसएचओ रामनगर: 9697910645
डीईओसी उधमपुर: 01992-272727 / 01992-272728
ईआरएसएस (आपातकालीन सेवा): 112