रामनगर। नववर्ष के आगमन के पहले दिन कस्बे के प्राचीन भगवान नरसिंह मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। वीरवार सुबह 6 बजे से ही श्रद्धालुओं का मंदिर में आना शुरू हो गया था। लोगों ने भगवान नरसिंह के दर्शन किए और अपने परिवार की सुख शांति के लिए कामना की। श्रद्धालुओं ने कतारों में खड़े होकर प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान मंदिर परिसर में कस्बे के पिंगला माता यूथ क्लब के सदस्यों ने भी हलवा बांटा। मंदिर के पुजारी विनोद खजूरिया, मदन शर्मा ने बताया कि सुबह से ही नववर्ष के आगमन पर भगवान नरसिंह के दर्शन करने का सिलसिला शुरू हो गया था जो दोपहर तक जारी रहा।