रामनगर। जोन डुडू के अंतर्गत पड़ते सरकारी हाई स्कूल चिगला बलोता में हेड मास्टर सहित अध्यापकों के कई पद खाली पड़े हुए हैं। इस कारण स्कूल में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। स्थानीय ग्रामीण समाज सेवक बलविंदर सिंह व अन्य ग्रामीणों ने बैठक कर शिक्षा विभाग तथा सरकार के खिलाफ कड़ा रोष व्यक्त किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि स्कूल में पड़ी सर्दियों की छुट्टियां खत्म होने तक शिक्षकों की जल्द नियुक्ति करे अन्यथा प्रदर्शन करने पर मजबूर हो जाएंगे।
बैठक मंगलवार दोपहर दो बजे समाज सेवक बलविंदर सिंह के नेतृत्व में आयोजित हुई। बैठक में काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए। उन्होंने हाई स्कूल में हेडमास्टर सहित अध्यापकों की कमी पर चर्चा की।
बलविंदर सिंह ने बताया कि हाई स्कूल में हेड मास्टर का पद खाली पड़े हुए एक वर्ष से अधिक का समय हो गया लेकिन अभी तक स्कूल में हेडमास्टर नहीं भेजा गया। इसके साथ ही कई अध्यापकों के पद भी तीन वर्ष से अधिक समय से खाली पड़े हुए हैं, परंतु शिक्षा विभाग इन्हें भरने की जहमत नहीं उठा रहा है।
ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग को चेतावनी दी कि इस समय स्कूल में सर्दियों की छुट्टियां पड़ी हुई हैं। छुट्टियां खत्म होने तक हाई स्कूल चिगला बलोता में अध्यापकों की कमी तथा हेडमास्टर का पद नहीं भरा गया तो प्रदर्शन के लिए मजबूर हो जाएंगे।