गुरलांग-कटवालत केला रोड की दयनीय हालत
- फोटो : ramnagar news
रामनगर। तहसील रामनगर के अंतर्गत पड़ते गुरलांग, कटवालत, केला की तरफ जाने वाला मार्ग जर्जर होने से वाहन चालकों और ग्रामीणों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि जल्द मार्ग की मरम्मत की जाए अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय निवासी बलवान ठाकुर, मक्खन सिंह, ऋषि कुमार, रणजीत सिंह, अनिल कुमार, मोहम्मद हनीफ, जावेद अहमद, अजय कुमार व अन्य ने बताया कि पिछले एक वर्ष से गुरलांग, कटवालट और केला गांव तक की ओर जाने वाली सड़क खस्ताहाल है। यह सड़क अगस्त 2020 में बनकर तैयार हुई थी। पिछले दिनों हुई बारिश की वजह से मार्ग की हालत और भी बदतर हो गई है। कई जगहों पर सड़क पूरी तरह टूट चुकी है और कई जगहों पर मार्ग के बीचो-बीच बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द मार्ग की मरम्मत करवाने की मांग की।
कोट
कटवालत गांव तक 14 किलोमीटर मार्ग की मरम्मत के लिए 12 लाख रुपए मंजूर हुए हैं। टेंडर भी हो चुके हैं। एक हफ्ते के अंदर कार्य शुरू किया जाएगा। रही बात दूसरे मार्गों की तो उनका भी एस्टीमेट भेज दिया है। जल्द ही मार्गों की मरम्मत का कार्य शुरू होगा।
ऋषि गुप्ता, एईई, पीएमजीएसवाई विभाग