रामनगर। रामनगर-तागण मार्ग पर पस्सी गिरने की वजह से यातायात कई घंटे ठप रहा। मंगलवार दोपहर बाद मलबे को हटाकर यातायात बहाल किया गया।
सोमवार देर रात बारिश के कारण रामनगर-तागण मार्ग पर पहाड़ से मलबा गिर गया था। इसके चलते यात्री वाहन अपनी मंजिल तक नहीं पहुंच पाए। दोनों तरफ से यातायात बंद रहा। मंगलवार सुबह सात बजे से ही तागण, बा, लड़ा, सत्या, अंशु पंचायत से आने वाले सभी यात्री वाहन तागण इलाके में पहुंचे तो मलबा पड़ा होने के चलते आगे नहीं जा सके। इस दौरान वाहनों में बैठे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। यात्री पैदल ही डला गांव तक रवाना हुए वहां से यात्री वाहनों पर सवार होकर रामनगर पहुंचना पड़ा। मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना विभाग ने जेसीबी मशीन भेज दी थी मगर लगातार बारिश होने के कारण काम नहीं हो सका।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के एईई ऋषि गुप्ता ने बताया कि मंगलवार सुबह से ही मलबे को हटाने के लिए जेसीबी मशीन भेज दी थी, लेकिन बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही थी। दोपहर बारह बजे बारिश रुकी और मार्ग पर पड़े मलबे को हटाकर यातायात बहाल किया गया।