रामनगर। उधमपुर मार्ग तथा रामनगर कस्बे में सड़कों पर बने कई स्पीड ब्रेकर हादसे का कारण बन रहे हैं। इसका कारण है, स्पीड ब्रेकर पर सफेद पट्टी नहीं लगाना और सांकेतिक चिह्न नहीं बनाए गए हैं। इसके चलते कई दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल भी हो चुके हैं।
वाहन चालक करनैल सिंह, मनोहर लाल शर्मा, जगदीश कुमार, जोगिंदर कुमार, सतपाल, हर्ष शर्मा व अन्य वाहन चालकों ने बताया कि स्पीड ब्रेकर पर सफेद पट्टी नहीं लगने पर कई बार लोग हादसे का शिकार हो चुके हैं। खासकर रात के समय ब्रेकर पर पट्टी न होने पर खतरा और ज्यादा बढ़ जाता है हालांकि संबंधित विभाग के उच्च अधिकारी तथा रामनगर प्रशासन और विधायक भी इसी मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन किसी को भी स्पीड ब्रेकर दिखाई नहीं देता। अगर सफेद पट्टी बना दी जाए तो कई वाहन चालक हादसे से बच सकते हैं।
इन जगहों पर नहीं ब्रेकर पर सफेद पट्टी
रामनगर कस्बे के वार्ड नंबर 6, 7 12, इमेनुएल मिशन हाई स्कूल तथा पुलिस थाने के बाहर और रामनगर उधमपुर मार्ग के दिहाड़ी गांव, कघोट गांव के साथ अन्य जगहों पर कई ऐसे स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं जिन पर सफेद पट्टी के निशान तक नहीं हैं।