उधमपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में जिला प्रशासन उधमपुर ने बड़ा कदम उठाया है। अब जिले की 236 पंचायतों के ग्रामीणों को घर-घर कचरा संग्रहण की सुविधा मिलेगी। इसके लिए जिले के सभी 17 ब्लॉकों में डोर-टू-डोर ठोस कचरा संग्रहण अभियान शुरू कर दिया गया है।
इस महत्वाकांक्षी अभियान का शुभारंभ वीरवार को उपायुक्त अनंत द्विवेदी ने डीसी कार्यालय परिसर से कचरा संग्रहण वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में बिखरे कचरे, गंदगी और खुले में कचरा फेंकने की समस्या पर अंकुश लगाने की उम्मीद है।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त राजस्व डॉ. उमेश शान, सहायक आयुक्त विकास ओम प्रकाश, सहायक आयुक्त पंचायत डॉ. अश्विनी हंसा, डीआईओ एनआईसी अनीश शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
उपायुक्त अनंत द्विवेदी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान केवल कचरा एकत्रित करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि एकत्रित कचरे का उचित पृथक्करण, पुनर्चक्रण और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सहायक आयुक्त पंचायत और सहायक आयुक्त विकास को अभियान की नियमित निगरानी करने तथा इसकी प्रभावी कार्यान्वयन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कोई भी गांव स्वच्छता अभियान से न रहे बाहर
डीसी ने सख्त हिदायत दी कि जिले का कोई भी ग्रामीण क्षेत्र कचरा संग्रहण व्यवस्था से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को पहले से मौजूद कचरे के ढेर और डंपिंग स्थलों को हटाने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसका असर जमीन पर भी दिखाई देना चाहिए। इसके लिए नियमित निगरानी, जवाबदेही और लगातार प्रयास जरूरी हैं।