उधमपुर। एमएच चौक स्थित मोबाइल टावर पर शुक्रवार दोपहर तीन बजेे चढ़े व्यक्ति को करीब आठ घंटे बाद रात पौने 11 बजे नीचे उतारा जा सका। व्यक्ति की पहचान जगदीश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह उधमपुर के जखैनी स्थित शारदा माता मंदिर में पुजारी है और मूल रूप से कोट भलवाल, जम्मू का रहने वाला है।
इससे पहले व्यक्ति को उतारने के लिए प्रशासन और व्यक्ति के बीच कई घंटे बातचीत चलती रही। व्यक्ति ने प्रशासन के समक्ष अपनी कुछ मांगें रखीं। प्रशासन की ओर से मांगों पर गंभीरता से विचार करने और समाधान का आश्वासन देकर उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया जाता रहा। वहीं, जम्मू से उसके कुछ रिश्तेदार भी मौके पर पहुंचे थे। वे फोन के माध्यम से उससे लगातार बातचीत कर टावर से नीचे उतरने की अपील कर रहे थे। वहीं, रेस्क्यू टीम भी मौके पर मौजूद रही और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास चलते रहे। आखिर रात पौने 11 बजे उसे समझाबुझा कर नीचे उतार लिया गया।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब तीन बजे कुछ लोगों ने व्यक्ति को टावर पर तिरंगा फहराते देखा। संदिग्ध स्थिति को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। घटना की जानकारी फैलते ही एमएच चौक पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। रेस्क्यू टीम ने एक-दो बार टावर पर चढ़कर उसे नीचे लाने का प्रयास किया लेकिन व्यक्ति ने कुछ कागज जलाकर रेस्क्यू कर्मियों की ओर फेंके और उन्हें ऊपर नहीं आने की चेतावनी दी। इसके बाद प्रशासन ने बातचीत के जरिए उसे समझाने का प्रयास तेज कर दिया। देर रात करीब दस बजे तक भी उसे टावर से नीचे उतारने में सफलता नहीं मिली थी। इस घटनाक्रम के कारण एमएच चौक पर लोगों की भीड़ जमा रही।
गौर करने वाली बात यह भी है कि घटनास्थल एसएसपी कार्यालय और पुलिस थाने से करीब डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर स्थित है। ऐसे में लंबे समय तक व्यक्ति के टावर पर बने रहने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। व्यक्ति का कहना है कि मांगों की सुनवाई नहीं होने से दुखी होकर वह आत्महत्या के इरादे से टावर पर चढ़ा था।