उधमपुर। शहर के एमएच चौक (गुरु रविदास चौक) पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार पीडीडी महिला कर्मी की मौत हो गई। मृतका की पहचान ईशा शर्मा (38) पत्नी स्वर्गीय साहिल शर्मा निवासी वार्ड नंबर-1 रामनगर के रूप में हुई है। वह वर्तमान में पीडीडी क्वार्टर्स, उधमपुर में अपनी इकलौती बेटी के साथ रह रही थीं।
जानकारी के अनुसार ईशा शर्मा स्कूटी पर गुरु रविदास चौक की ओर जा रही थीं। इसी दौरान उनकी स्कूटी की सामने से आ रही बस से टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस चालक द्वारा ब्रेक लगाने के बावजूद स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल महिला को उपचार के लिए जीएमसी उधमपुर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि ईशा शर्मा के पति के असामयिक निधन के बाद उन्हें पीडीडी विभाग में नियुक्ति मिली थी। पिछले कुछ वर्षों से वह अपनी इकलौती बेटी के साथ पीडीडी क्वार्टर्स में रह रही थीं। इस हादसे से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पिता को पहले ही खो चुकी उनकी बेटी ने अब अपनी मां को भी खो दिया है।