उधमपुर। ब्लॉक घोरडी की पंचायत हरतयान के वार्ड नंबर दो के लरदागा-लेहड़ी गांव के लोगों ने रास्ते की मांग को लेकर रविवार को प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि हाल ही में हुई बारिश के दौरान हुए भूस्खलन से गांव का रास्ता पूरी तरह कट गया है। इससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हो गई है, वहीं भूस्खलन वाले हिस्से के आसपास बने मकानों पर भी गिरने का खतरा मंडरा रहा है।
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे स्थानीय समाजसेवक एवं स्किल डेवलपमेंट फॉर विलेज काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. अवि कुमार ने कहा कि वार्ड नंबर दो का यह रास्ता सलमाटा, लरदागा, लेहड़ी और बरमीन गांवों के लोगों के लिए काफी महत्वपूर्ण है और आसपास के इलाकों के लिए यह शॉर्टकट के रूप में इस्तेमाल होता है। रास्ता कट जाने के कारण इन गांवों के लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि रास्ता कटने के बाद भी संबंधित क्षेत्र में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। प्रभावित हिस्से के ठीक ऊपरी क्षेत्र में बने मकानों के लिए भी खतरा पैदा हो गया है। ऐसे में प्रशासन को जल्द रास्ते की मरम्मत करवाने के साथ-साथ भूस्खलन प्रभावित हिस्से में क्रेट अथवा सुरक्षा दीवार का निर्माण करवाना चाहिए ताकि लोगों के घरों और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
ग्रामीणों ने चिनैनी-घोरड़ी विधानसभा क्षेत्र के विधायक और प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान करवाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे। जरूरत पड़ने पर प्रशासन का पुतला जलाकर भी विरोध जताने की चेतावनी दी गई।