फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udhampur News: एमआरएफ की एप्रोच रोड और चारदीवारी बनेगी, कचरा प्रबंधन को मिलेगी मजबूती

विज्ञापन
विज्ञापन
उधमपुर। शहर में ठोस कचरा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जल्द ही सूई स्थित मैटिरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा। इसके तहत करीब 3.34 करोड़ रुपये की लागत से एप्रोच रोड और चारदीवारी का निर्माण किया जाना है। इस काम के पूरा होने के बाद एमआरएफ तक कचरा लेकर पहुंचने वाले वाहनों की आवाजाही आसान होगी और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर होगी। इससे शहर से रोजाना निकलने वाले कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन में मदद मिलने की उम्मीद है।
विज्ञापन


गौरतलब है कि एमआरएफ तक पहुंचने वाली सड़क लंबे समय से समस्या बनी हुई थी। अगस्त 2025 में आई फ्लैश फ्लड के दौरान एप्रोच रोड को काफी नुकसान पहुंचा था। सड़क की स्थिति खराब होने के कारण कचरा उठाने वाले वाहनों को एमआरएफ तक पहुंचने में परेशानी होती थी। इसका सीधा असर कचरे की छंटाई और प्रसंस्करण पर पड़ा। सरकार की ओर से भी विधानसभा में बताया गया था कि एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने के कारण एमआरएफ का संचालन प्रभावित हुआ है और सड़क बहाल होने के बाद सुविधा को सुचारु रूप से चलाया जा सकेगा।

नई एप्रोच रोड बनने से बरसात के दौरान कीचड़, जलभराव और वाहनों के फंसने जैसी परेशानियों से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। कचरा वाहन आसानी से एमआरएफ तक पहुंच सकेंगे और घरों तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से एकत्र किया गया कचरा सीधे सुविधा केंद्र तक लाया जा सकेगा। इससे कचरे को खुले स्थानों पर रखने या इधर-उधर फैलने की समस्या भी कम होगी।
विज्ञापन


परियोजना के दूसरे महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में एमआरएफ परिसर की चारदीवारी का निर्माण किया जाएगा। चारदीवारी बनने से परिसर में अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। साथ ही आवारा पशुओं के परिसर में प्रवेश करने और कचरे के बाहर फैलने की समस्या भी नियंत्रित की जा सकेगी। इससे एमआरएफ में लगी मशीनरी और अन्य संसाधनों की सुरक्षा भी मजबूत होगी।
उधमपुर शहर में प्रतिदिन करीब 50 टन कचरा निकलता है, जबकि मौजूदा एमआरएफ की क्षमता करीब 5 टन प्रतिदिन है। ऐसे में एमआरएफ का सुचारु संचालन शहर के कचरा प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण है। यहां सूखे कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में छांटकर प्लास्टिक, कागज, धातु और अन्य रिसाइकिल होने वाली सामग्री को अलग किया जा सकता है। इससे डंपिंग साइट पर जाने वाले कचरे की मात्रा घटाने में मदद मिलेगी।
कोट
सूई स्थित मैटिरियल रिकवरी फैसिलिटी के लिए एप्रोच रोड और चारदीवारी की मंजूरी मिल चुकी है। सुई में ट्रॉमिल लगाने की भी योजना है। इस परियोजना से उधमपुर में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण को भी गति मिलने की उम्मीद है।
विज्ञापन

-पवन कुमार गुप्ता, विधायक उधमपुर पश्चिम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें