उधमपुर। पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को बैंक कर्मचारियों ने एक दिवसीय देशव्यापी हड़ताल के समर्थन में उधमपुर में भी कामकाज ठप रखा। वहीं, हड़ताल में शामिल उधमपुर स्थित सभी 12 नेशनलाइज्ड बैंक शाखाओं (एसबीआई, पीएनबी, बैंक आफ बडौदा इत्यादि) में नियमित बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हुईं और ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान एसबीआई शाखा के बाहर जमा होकर कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी भी की।
बैंक कर्मचारी संगठनों की मुख्य मांग है कि बैंकिंग क्षेत्र में सप्ताह में केवल पांच दिन कामकाज हो। कर्मचारियों का कहना है कि सोमवार से शुक्रवार तक बैंक खोलने और शनिवार व रविवार को साप्ताहिक अवकाश लागू करने की मांग लंबे समय से लंबित है। कर्मचारियों के अनुसार पांच दिवसीय कार्य सप्ताह का प्रस्ताव 2024 में हुए द्विपक्षीय समझौते के बाद सरकार की मंजूरी के लिए भेजा गया था, लेकिन अभी तक इसे लागू नहीं किया गया है।
वहीं हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में नकद लेनदेन, चेक से संबंधित कार्य, पासबुक अपडेट और अन्य काउंटर सेवाएं प्रभावित रहीं। हालांकि डिजिटल बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और यूपीआई जैसी सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहीं।
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे पंजाब नेशनल बैंक के कर्मचारी निखिल गुप्ता ने कहा कि बैंक कर्मचारी लंबे समय से पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बैंक कर्मचारी सप्ताह के छह दिन सेवाएं देते हैं, जबकि कई अन्य क्षेत्रों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू है। दो दिन साप्ताहिक अवकाश मिलने से कर्मचारियों को परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा और इससे कार्यक्षमता में भी सुधार होगा। उन्होंने कहा कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने 11 सितंबर की एक दिवसीय हड़ताल के बाद 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का भी ऐलान किया है। यदि मांगों पर समाधान नहीं हुआ तो अक्टूबर माह में अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है।