उधमपुर। ब्लाक घोरडी के अंतर्गत काफी समय से खस्ताहाल बने त्रिंगढियां-बिंडला सड़क के बचे हुए हिस्से की अब जल्द हालत सुधरने वाली है। लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क के करीब 1.6 किलोमीटर हिस्से के उन्नयन के लिए 70 लाख रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई है। इस संबंध में विभाग ने टेंडर जारी कर दिया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही मौके पर काम शुरू होने की उम्मीद है।
विभागीय जानकारी के अनुसार सड़क के बचे हिस्से को बेहतर बनाने के लिए प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। विभाग का कहना है कि त्रिंगढियां-बिंडला सड़क के तीन किलोमीटर से अगले हिस्से का उन्नयन किया जाएगा। कार्य पूरा होने के बाद सड़क की स्थिति में काफी सुधार आएगा और क्षेत्र के लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य जमीन पर शुरू कर दिया जाएगा। इससे इस मार्ग पर आवाजाही करने वाले स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
वहीं, स्थानीय लोगों ने भी सड़क के उन्नयन के लिए टेंडर जारी होने पर खुशी जताई है। विमल शर्मा, सुरेन्द्र कुमार, बोध राज, नेक राम व अन्य ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत लंबे समय से सुधार की मांग कर रही थी। लंबे समय से भूस्खलन प्रभावित सड़क के इस हिस्से की खराब हालत के कारण वाहन चालकों और आसपास के ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती थी, जिससे आवागमन प्रभावित होता था। वहीं, अब सड़क के बेहतर होने से स्थानीय लोगों को रोजाना आने-जाने में सुविधा मिलेगी। विद्यार्थियों, कर्मचारियों, किसानों और अन्य लोगों को बाजार, स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र तथा मुख्य मार्गों तक पहुंचने में आसानी होगी। सड़क की हालत बेहतर होने से वाहनों का आवागमन भी सुरक्षित और सुगम होने की उम्मीद है।
कोट
त्रिंगढियां-बिंडला सड़क के बचे हुए हिस्से के अपग्रेडेशन कार्य को लेकर टेंडर जारी कर दिया गया है और इसकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे का काम भी जल्द पूरा किया जाएगा।
-
शम्मी गुप्ता, एईई, लोक निर्माण विभाग