उधमपुर। पुलिस थाना पंचैरी के अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत चौड़-गलियोत में दंगल का आयोजन हुआ। इसमें छोटी-बड़ी करीब 60 कुश्तियां हुईं। इनमें जम्मू, उधमपुर, रियासी और रामबन जिलों से पहुंचे पहलवानों ने अपने दमखम का प्रदर्शन किया। दंगल की बड़ी माली उधमपुर के पहलवान अली और सलमान के बीच हुई। रोमांचक मुकाबले में अली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सलमान को पराजित कर बड़ी माली अपने नाम की। मुकाबले के दौरान दर्शकों ने तालियों और जयकारों के साथ दोनों पहलवानों का उत्साह बढ़ाया।
शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी उधमपुर के उपनिदेशक एवं एसएसपी बेनाम तोष ने लोगों से नशे की बढ़ती समस्या से निपटने के लिए अधिक से अधिक दंगल, स्थानीय खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक और रचनात्मक गतिविधियों की ओर मोड़कर ही समाज को नशे की बुराई से पूरी तरह मुक्त किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले दंगल और खेलकूद प्रतियोगिताएं युवाओं को स्वस्थ गतिविधियों से जोड़ने के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने का बेहतर माध्यम हैं।
उन्होंने लोगों से हाल ही में शुरू किए गए 100 सप्ताह के ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी।