उधमपुर/ डोडा। डोडा के अस्सर-बग्गर क्षेत्र के रग्गी नाला के पास भूस्खलन के कारण हुए बस हादसे के बाद एसडीआरएफ ने लगातार बारिश, भूस्खलन की आशंका और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र के बावजूद राहत एवं बचाव अभियान पूरी सतर्कता और तेजी के साथ चलाया। अभियान के दौरान टीम ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द सहायता उपलब्ध कराई। मानसून के दौरान बढ़ते आपदा जोखिम को देखते हुए एसडीआरएफ दूसरी बटालियन जम्मू तथा एसडीआरएफ/सिविल डिफेंस कंपोनेंट उधमपुर ने आम नागरिकों और श्री अमरनाथ यात्रा के श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है।
कमांडेंट, एसडीआरएफ दूसरी बटालियन जम्मू ने लोगों से अपील की है कि वे भारी बारिश के दौरान भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, पहाड़ी इलाकों और संवेदनशील मार्गों पर अनावश्यक यात्रा से बचें।
नागरिकों से घरों में इमरजेंसी किट तैयार रखने को कहा है, जिसमें पीने का पानी, सूखा भोजन, जरूरी दवाइयां, टॉर्च, अतिरिक्त बैटरियां और फर्स्ट-एड बॉक्स शामिल हों। साथ ही प्रशासन द्वारा सुरक्षित स्थान पर जाने के निर्देश मिलने पर तुरंत पालन करने की अपील की गई है।
किसी भी तरह की अफवाह सोशल मीडिया पर साझा न करने की सलाह भी दी गई है। एसडीआरएफ ने नागरिकों को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के ''''सचेत'''' मोबाइल एप का उपयोग करने के लिए भी प्रोत्साहित किया है ताकि मौसम और आपदा से संबंधित रीयल-टाइम चेतावनियां समय पर मिल सकें।