उधमपुर। शहर से सटे चरी सयाल क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में वीरवार सुबह एक युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। युवक की पहचान 30 वर्षीय अनिल शर्मा पुत्र धनी राम निवासी चरी सयाल उधमपुर के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि अनिल बुधवार रात अपने कमरे में सोने के लिए गया था। सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने उसे कई बार आवाज लगाई और दरवाजा खटखटाया, लेकिन भीतर से कोई जवाब नहीं मिला।
अनहोनी की आशंका होने पर परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला। अंदर का दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। युवक कमरे के भीतर फंदे से लटका हुआ था। इसके बाद फौरन पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी उधमपुर भेज दिया गया। जानकारी के मुताबिक अनिल शादीशुदा था और करीब दो साल पहले उसकी शादी हुई थी।
पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा।