उधमपुर। तहसील पंचैरी के लोअर मीर इलाके में एक कच्चा घर आग की भेंट चढ़ गया। इस घटना में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ लेकिन घर के भीतर रखा सारा सामान जल गया। जानकारी के मुताबिक इलाके के पसर गांव में शनिवार सुबह वन विभाग के सेवानिवृत कर्मचारी तारा चंद के घर में अचानक आग लग गई। आसपास के लोगों ने धुएं का गुब्बार देखा तो फौरन सहायता के लिए दौड़ पड़े। पुलिस को भी सूचित किया। लोगों के सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पाया गया लेकिन तब सारा सामान जलकर जल चुका था। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पीड़ित के मुताबिक नुकसान का अभी पूरा आकलन नहीं हो सका है। इस संबंध में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।