उधमपुर। भारी बर्फबारी के चलते बीते दो दिन से बंद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग तीसरे दिन रविवार सुबह वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हो गया। हाईवे खुलते ही उधमपुर के जखैनी चौक पर रोकी गई छोटी और यात्री गाड़ियों को सबसे पहले आगे रवाना किया गया। इसके बाद बारी-बारी से अन्य वाहनों को भी एहतियात के साथ आगे बढ़ने की अनुमति दी गई। हालांकि हाईवे खुलने के बाद जब वाहनों को आगे के लिए रवाना किया गया तो बीच में कई बार लंबा जाम भी लग गया और गाड़ियों को रेंग रेंग कर आगे बढ़ना पड़ा।
भारी बर्फबारी के कारण शुक्रवार सुबह 6 बजे से राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई थी जोकि शनिवार को भी पूरी दिन बंद रही थी। लोक निर्माण विभाग और पटनीटाॅप डेवलेपमेंट अथारिटी की अथारिटी की ओर से शनिवार को मौसम पूरी तरह से साफ होने पर लिंक एवं मुख्य मार्ग से बर्फ को हटाने का काम शुरू किया गया। पटनीटॉप लिंक मार्ग को जोड़ने वाले कांसल मोड़ से कुद तक बर्फ हटने के बाद पर्यटन स्थलों पर फंसे पर्यटकों और अन्य यात्रियों को जम्मू की ओर रवाना करना शुरू दिया गया था। लेकिन अंधेरा होने और मार्ग पर फिसलने के चलते रात को फिर से रोक दिया गया था। वहीं अब राजमार्ग के पूरी तरह से बहाल होने पर उधमपुर के जखैनी और आगे बीच में रोकी गई गाड़ियों को आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई। इससे घटी समेत, रामबन, डोडा, किश्तवाड़ इत्यादि के लिए जाने वाले चालकों और यात्रियों को राहत मिली। सुबह 6 बजे जैसे ही हाईवे पर वाहनों को आगे बढ़ने की अनुमति दी गई तो जखैनी चौक और इसके आसपास के इलाकों में फंसे वाहन सरपट अपनी मंजिल की तरफ दौड़ पडे़।