उधमपुर। कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार को उधमपुर में गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान ट्रैफिक में भी बदलाव किया गया है। पुराने राजमार्ग पर डाक बंगला तक सुबह यात्री व अन्य बड़े वाहन नहीं चलेंगे। ओमाड़ा मोड़ लिंक मार्ग से शहर में गाड़ियां प्रवेश करेंगी।
गणतंत्र दिवस को लेकर शहर के चप्पे चप्पे में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। जिला मुख्यालय पर मुख्य समारोह स्थल डिग्री कालेज के मैदान को सुरक्षाबलों ने पूरी तरह से सील कर दिया है। यात्री वाहन चालकों को भी सुबह गाड़ी नहीं चलाने के निर्देश दिए गए हैं। शहर व साथ लगते इलाकों में पुलिस, सीआरपीएफ और सेना के कर्मियों को तैनात किया है।
प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह 9: 55 बजे मुख्य मेहमान डीडीसी चेयरमैन लाल चंद तिरंगा फहराकर कार्यक्रम की शुरूआत करेंगे। इसके बाद परेड का निरीक्षण किया जाएगा। मुख्य मेहमान के भाषण के बाद मार्च पास्ट द्वारा मुख्य मेहमान को सलामी दी जाएगी और फिर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
इसके साथ ही नगर के प्रमुख चौक चौराहों पर विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक संस्थाओं द्वारा तिरंगा फहराने के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समारोह को लेकर शहर के चप्पे चप्पे पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।। सभी नाकों को भी अलर्ट कर दिया गया है। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। रामनगर, मजालता, चिनैनी तहसील में भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों सहित रेल मार्ग और राजमार्ग पर भी सेना की टुकड़ियां गश्त लगाकर सुरक्षा को संभाले हुए हैं।
पुराने राजमार्ग पर ओमाड़ा मोड़ से लेकर डाक बंगला तक यात्री वाहन नहीं चलेंगे
जिला मुख्यालय पर गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन के दौरान ट्रैफिक रूट में भी बदलाव रहेगा। पुराने राजमार्ग पर ओमाड़ा मोड़ से लेकर डाक बंगला तक सुबह यात्री वाहन व अन्य बड़े वाहन नहीं चलेंगे। मेटाडोर स्टैंड और बस स्टैड और एमएच चौक पर खड़ी रहने वाली बसों को खड़ा करने से मना कर दिया गया है। धार रोड खुला रहेगा। पुराने राजमार्ग के बजाय सोमवार को ओमाड़ा मोड़ लिंक मार्ग से शहर में गाड़ियां छोड़ी जाएंगी। बड़े वाहन ट्रक, बस को फोर लेन राजमार्ग से गुजरना होगा। समारोह के समाप्त होने तक ट्रैफिक प्रतिबंध रहेगा और उसके बाद सामान्य ट्रैफिक चलेगा।