उधमपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में उधमपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस स्टेशन मजालता की टीम ने नाका चेकिंग के दौरान तीन नशा तस्करों को 12.84 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम पीएचई फिल्टर प्लांट, मजालता के पास नियमित नाका चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बरयालता की ओर से मजालता आ रही एक मारुति वैन को जांच के लिए रोका गया। वाहन चालक ने अपनी पहचान जॉनी अब्रोल, निवासी थलोड़ा मनवाल, तहसील मजालता जिला उधमपुर के रूप में बताई।
पुलिस की तरफ से तलाशी लेने पर उसके कब्जे से हेरोइन बरामद की गई। इसके बाद वाहन में सवार दो अन्य व्यक्तियों नीरज शर्मा निवासी मनवाल (धून), तहसील डंसाल, जिला जम्मू तथा चीमन लाल निवासी लुंका पानी सेहल, तहसील मजालता, जिला उधमपुर की भी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान इन दोनों के कब्जे से भी हेरोइन बरामद हुई। तीनों आरोपियों से कुल 12.84 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इस संबंध में पुलिस स्टेशन मजालता में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू की गई है।