उधमपुर। जम्मू कश्मीर टीचर्स जॉइंट एक्शन कमेटी ने स्कूल शिक्षा विभाग के कर्मचारियों के लिए एलिमेंट्री हेड के तहत लंबित वेतन अनुदान को तत्काल जारी करने की मांग की है। बुधवार को उधमपुर में जारी एक बयान में जम्मू-कश्मीर टीचर्स जॉइंट एक्शन कमेटी के यूटी अध्यक्ष विनोद शर्मा ने कहा कि दिसंबर महीने के लिए सेकेंडरी हेड के तहत सैलरी ग्रांट जारी कर दी गई है, लेकिन शिक्षा विभाग के हजारों कर्मचारियों के लिए एलिमेंट्री हेड के तहत सैलरी ग्रांट अभी तक जारी नहीं की गई है, जिससे उन्हें परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी पूरी तरह से अपनी सैलरी पर निर्भर हैं और उन्हें अपने बच्चों की पढ़ाई, माता-पिता की दवाइयों और कई अन्य खर्चों के अलावा अपने लोन की ईएमआई भी चुकानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि सैलरी ग्रांट जारी करने में इस देरी ने कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति को हिला दिया है।उन्होंने डायरेक्टर फाइनेंस स्कूल एजुकेशन डिपार्टमेंट और फाइनेंस डिपार्टमेंट से अपील की कि सैलरी ग्रांट तुरंत जारी करें ताकि इन कर्मचारियों को परेशानी न हो।