उधमपुर। शहर के जखैनी चौक पर युवा राजपूत सभा की तरफ से श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सीटों के आवंटन के मुद्दे को लेकर अनशन किया गया। सभा के जिला अध्यक्ष सोनी राठौर की अध्यक्षता में हुए इस अनशन में संगठन के पदाधिकारियों और समर्थकों ने भाग लिया। श्राइन बोर्ड मुर्दाबाद और भारत माता की जय के नारे भी लगाए।
सभा प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि हाल ही में मेडिकल काॅलेज कटड़ा की जारी सीट आवंटन सूची में 50 में से 42 सीटें कश्मीर संभाग के छात्रों को दे दी गई हैं, जो बिल्कुल भी न्योचित नहीं है।यह काॅलेज हिंदुओं के चढ़ावे से चलता है। जम्मू संभाग और हिंदुओं के साथ सरकार के इस भेदभाव के खिलाफ युवा राजपूत सभा आज जम्मू संभाग के सभी दस जिलों में भूख हड़ताल कर रही है।
उनका कहना है कि यदि सरकार और उपराज्यपाल (एलजी) प्रशासन द्वारा इस सूची को रद्द कर नई सूची जारी नहीं की गई तो संगठन आंदोलन को और तेज करेगा। युवा राजपूत सभा के सदस्य सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होंगे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यह मुद्दा केवल सीटों का नहीं, बल्कि क्षेत्रीय और सामाजिक न्याय से जुड़ा हुआ है।
सभा के वक्ताओं ने कहा कि श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड से जुड़े संस्थानों में हिंदू समाज का योगदान रहा है। उनका मत है कि संसाधनों का उपयोग उसी समाज के हित में होना चाहिए।
भूख हड़ताल के दौरान संगठन ने जम्मू प्रांत से चुने गए भाजपा विधायकों पर भी सवाल उठाए। कहना है कि चुनाव के समय जिन मुद्दों पर जोर दिया जाता है, उन्हीं मुद्दों पर अब चुप्पी साधी जा रही है। उन्होंने मांग की कि जनप्रतिनिधि इस विषय पर खुलकर अपनी स्थिति स्पष्ट करें और छात्रों के हित में आवाज उठाएं। धरना स्थल पर पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे।