उधमपुर। पंचायत कोटली वाला के अंसू गांव में शुक्रवार रात एक घर में भीषण आग लग गई। इससे किसी तरह की जनहानि तो नहीं हुई लेकिन कमरे में पड़ा सारा जरूरी सामान जल गया। पीड़ित फकीर चंद ने बताया कि रात के समय शार्ट सर्किट होने की वजह से आग लगी। परिवार तो किसी तरह से बच गया लेकिन भीतर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया है। इसमें उनका लगभग 3 लाख का नुकसान हुआ है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात को 9 बजे के आसपास परिवार रसोई में बैठकर खाना खा रहा था कि स्पार्किंग की जोरदार आवाज के साथ अचानक बिजली बंद हो गई। इसके लगभग पन्द्रह मिनट के बाद घर के भीतर धुआं भर गया। रसोई से बाहर निकल कर देखा तो घर के कमरे में भीषण आग लग चुकी थी। परिवार ने सहायता के लिए शोर मचाया तो गांव वाले भी मदद के लिए पहुंच गए। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बाल्टियों से पानी डालकर किसी तरह से आग पर काबू पाया गया लेकिन आग बुझने तक घर के भीतर रखा बिस्तर, बेड, अलमारी, कपड़े, दरवाजे, खिडकियां, दस्तावेज व अन्य जरूरी सामान जल चुका था।
पीडित परिवार ने कहा कि भीषण आग की वजह से यहां पूरा गांव जमा हो गया था लेकिन सड़क नहीं होने वजह से दमकल विभाग की पहुंच संभव नहीं हो सकी। प्रशासन से अपील है कि जल्द से जल्दी उनकी सहायता की जाए।
वहीं पूर्व सरपंच सुभाष शर्मा ने बताया कि पीड़ित परिवार की हालत ठीक नहीं है। बीती रात आग लगने के कारण इनका काफी नुकसान हो गया है। गांववालों की सहायता से जल्द आग पर काबू नहीं पाया जाता तो काफी ज्यादा नुकसान हो सकता था क्योंकि इनके घर के सभी कमरे कच्चे हैं जिनमें लकड़ी का इस्तेमाल हुआ है। इस नुकसान की वजह से गरीब परिवार काफी ज्यादा संकट में आ गया है इसलिए प्रशासन से अपील है कि इन्हें जल्द से जल्द उचित मुआवजा देकर इनकी सहायता की जाए। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।