उधमपुर। शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी में आतंकवाद विरोधी अभियान और बौद्धिक संपदा अधिकार विषय पर चल रहे दो विशेष कोर्स बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुए। इसमें ज्ञान साझा करने का एक मूल्यवान सत्र भी हुआ। समापन समारोह में अकादमी के उप निदेशक एसएसपी बेनाम तोष मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने आतंकवाद और अपराधों को खत्म करने के लिए दृढ़ पुलिस अधिकारियों का मनोबल बढ़ाया और कोर्स डायरेक्टर नासिर महमूद नाइक और विकास मनहास की मौजूदगी में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। कोर्स में जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग विंग और जिलों के एसआई से लेकर एसपी रैंक के 32 पुलिस अधिकारियों ने 22 से 24 दिसंबर 2025 तक एक साथ आयोजित दो कोर्स के दौरान आतंकवाद, कट्टरपंथ, आंतरिक सुरक्षा खतरों, बायो वॉरफेयर और बौद्धिक संपदा अधिकारों से निपटने के लिए कई सबक सीखे। जिन्हें जम्मू यूनिवर्सिटी के लॉ डिपार्टमेंट की डॉ. सविता नैयर, जम्मू यूनिवर्सिटी के स्ट्रेटेजिक एंड रीजनल स्टडीज डिपार्टमेंट के डॉ. रंजन शर्मा, गवर्नमेंट एमएएम कॉलेज जम्मू के इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के एचओडी प्रो. विशाल शर्मा, हाई कोर्ट की प्रसिद्ध एडवोकेट सुप्रिया चौहान, सीनियर प्रॉसिक्यूटिंग ऑफिसर अमित प्रकाश सहगल, साइबर पुलिस स्टेशन जम्मू और शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी उधमपुर के सीनियर अधिकारियों ने ट्रेनिंग दी। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने देश विरोधी और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ और भी ज्यादा जोश और उत्साह के साथ लड़ने के अपने संकल्प को दोहराया।