उधमपुर। यातायात पुलिस ने इस साल 22 दिसंबर तक 79 हजार वाहनों के चालान काटे और 2 करोड़ 55 लाख का जुर्माना वसूल किया है। यह जानकारी एसएसपी ट्रैफिक आदिल हामिद ने उधमपुर में लगाए एक नाके पर कार्रवाई के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि यातायात नियमों का पालन सभी वाहन चालकों के लिए बहुत ज्यादा जरूरी है और इसकी अवहेलना करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस की तरफ से लगातार सख्त कार्रवाई भी की जा रही है। हमारा उद्देश्य ट्रैफिक नियमों को पूरी तरह से लागू करना है ताकि सड़क हादसों पर काबू पाया जा सके।
उन्होंने कहा कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही हमारी तरफ से जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं। चौक-चौराहाें से लेकर सार्वजनिक मंचों और शैक्षिक संस्थानों तक में कार्यक्रम आयोजित कर ट्रैफिक नियमों का पाठ पढ़ाया जा रहा है ताकि लोग जागरूक होकर नियमों का सख्ती से पालन कर पाएं।
उन्होंने कहा कि अभी तक सड़क सुरक्षा को लेकर हमारी तरफ से 260 जागरूकता शिविरों का आयोजन कर लोगों को जागरूक किया गया है। ट्रैफिक पुलिस की तरफ से किए जा रहे प्रयासों से सकारात्मक परिणाम भी नजर आ रहे हैं और अब ज्यादातर चालक नियमों का पूरी तरह से पालन करते दिख रहे हैं। बीते 20 दिनों में हमने हाईवे पर बाहरी राज्यों के 75 वाहन सीज किए हैं और डेढ़ सौ के करीब प्रेशर हार्न वालों पर कार्रवाई की है। उन्होंने जनता से अपील की कि सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस की सहायता व सहयोग करें और वाहन चलाते समय हमेशा यातायात नियमों का पालन करें।