डीसी कार्यालय के बाहर पीएमजीएसवाई विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते मजालता के बुनाल गांव के लोग।
- फोटो : udhampur news
उधमपुर। ब्लाॅक मजालता के बुनाल गांव के लिए मंजूर सड़क के निर्माण कार्य में बदलाव किए जाने से परेशान ग्रामीणों का एक शिष्टमंडल वीरवार को डीसी कार्यालय उधमपुर पहुंचा। यहां उन्होंने सड़क के कार्य में मनमर्जी से बदलाव किए जाने का आरोप लगाते हुए पीएमजीएसवाई विभाग के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन कर कड़ी नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि हम पीएमजीएसवाई विभाग से मांग कर रहे हैं कि जिस रास्ते से सड़क को बनाने की मंजूरी मिली है, उसे ठीक वैसा ही बनाया जाए लेकिन अधिकारी अपनी मनमर्जी से जबरन सड़क को दूसरे रास्ते से बनाने का काम कर रहे हैं। इस मांग को लेकर ग्रामीणों के शिष्टमंडल की तरफ से डीसी सलोनी राय को एक ज्ञापन भी सौंपा गया। उन्हें तत्काल हस्तक्षेप कर इस मामले का समाधान कर राहत दिलाने की मांग की।
शिष्टमंडल की अगुवाई कर रहे कुलदीप सिंह ने बताया कि पीएमजीएसवाई चरण-4 के तहत धम्मा से बुनाल होते हुए थन्नी तक करीब 3 किलोमीटर लंबी सड़क बनाने को मंजूरी दी गई है। सड़क के इस मूल नामकरण और संरेखण में स्पष्ट रूप से बुनाल गांव को शामिल किया गया था, जिसमें लगभग 70 घर और लगभग 340 की आबादी है। वहीं अब पीएमजीएसवाई विभाग ने अपनी मनमर्जी से कार्यान्वयन योजना में इस तरह बदलाव किया है कि बुनाल गांव का बड़ा हिस्सा इससे बाहर हो गया है। सड़क को मुख्य रूप से थन्नी गांव की ओर मोड़ दिया गया है, जहां केवल लगभग 20 घर और लगभग 100 की आबादी है।