उधमपुर। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मेडिकल काॅलेज कटड़ा में 50 में से 42 सीटें विशेष समुदाय के छात्रों को आवंटित किए जाने के मामले के निपटारे में देरी के चलते अब हिंदू आबादी भी इसके विरोध में लामबद्ध होने लगी है। इसके चलते बुधवार को शहर के जखैनी चौक पर जखैनी और भारत नगर के स्थानीय लोगों ने श्राइन बोर्ड के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने श्राइन बोर्ड मुर्दाबाद और हिंदुओं के साथ भेदभाव बंद करो के जोरदार नारे लगाए।
उन्होंने मांग की कि श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड हिंदुओं के चढ़ावे से चलता है, इसलिए इस चढ़ावे और दान दक्षिणा से चलने वाले मेडिकल काॅलेज में विशेष समुदाय के छात्रों का प्रवेश उन्हें बिल्कुल भी मंजूर नहीं है। इसलिए इस सूची को तत्काल रद्द किया जाना चाहिए अन्यथा श्री माता वैष्णो देवी संघर्ष समिति के साथ वे भी उग्र प्रदर्शन करने पर मजबूर हो जाएंगे।
वहीं प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे स्थानीय निवासी संजय शर्मा ने कहा कि यह सरासर हिंदुओं की धार्मिक आस्था पर आघात है और इसे बिल्कुल भी सहन नहीं किया जा सकता है। उन्होंने मांग की कि श्राइन बोर्ड तत्काल इस प्रवेश सूची को रद्द करे और मैरिट वाले मुस्लिम छात्राें को दूसरे संस्थानों मेें स्थानांतरित करे। उन्होंने कहा कि हमारा छात्रों से कोई भेदभाव नहीं है और न हम उनके खिलाफ हैं। उन्होंने चेतावनी भी दी कि अगर मांग पूरी नहीं हुई तो आने वाले दिनों में प्रदर्शन तेज किया जाएगा।