उधमपुर। जिला पुलिस ने अमृतसर के एक कुख्यात नशा तस्कर विक्रमजीत की अमृतसर में एक करोड़ रुपये की संपित्त कुर्क की है।
जानकारी के मुताबिक मजालता पुलिस स्टेशन में दर्ज केस की जांच के दौरान पता चला कि आरोपी विक्रमजीत कुमार निवासी इंद्रपुरी गली नंबर 1 जिला अमृतसर के पास एक डुप्लेक्स आवासीय मकान है। जांच के दौरान पाया गया कि संपत्ति मादक पदार्थों के व्यापार से अर्जित अपराध की आय से अर्जित की गई है। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई के लिए संपत्ति को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68(एफ) के तहत कुर्क कर लिया है। डुप्लेक्स मकान का अनुमानित बाजार मूल्य एक करोड़ रुपये है।
बता दें, उधमपुर पुलिस ने चालू वर्ष के दौरान एनडीपीएस से संबंधित मामलों में 11.62 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की है, जो उधमपुर को नशा मुक्त जिला बनाने के उसके दृढ़ संकल्प की पुष्टि करता है।