उधमपुर। जिला स्वास्थ्य विभाग की ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, बीते तीन दिनों में डेंगू के 9 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इन नए मामलों के साथ ही जिले में डेंगू के कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 412 हो गई है। हालांकि पिछले सप्ताह की तुलना में नए मामलों की रफ्तार में आंशिक गिरावट देखी गई है, जिसका कारण मौसम में आई ठंडक और तापमान में कमी को बताया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, तापमान में गिरावट के चलते मच्छरों के प्रजनन की गति धीमी हुई है, जिससे संक्रमण के प्रसार पर कुछ हद तक नियंत्रण मिला है। पिछले महीने बीमारी के चरम के दौरान औसतन 25 से 30 नए मामले प्रतिदिन दर्ज किए जा रहे थे वहीं अब इनकी संख्या में गिरावट आई है।
फिलहाल जिला अस्पताल और शहरी स्वास्थ्य केंद्रों में डेंगू जांच और इलाज की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, गमलों, कूलरों और टंकियों की नियमित सफाई करें तथा पूरी बाजू के कपड़े पहनें।
कोट
विभाग की टीमें लगातार सर्वे कर रही हैं और डेंगू नियंत्रण अभियान को लगातार जारी रखा गया है, तापमान में गिरावट के साथ डेंगू के मामलों में भी गिरावट होने लगेगी।
-
विजय कुमार, सीएचओ, जिला मलेरिया विभाग