उधमपुर। शहर के भीतर टाउन हाल परियोजना के तहत बन रही मल्टीपर्पसस इमारत का निर्माण पूरा करने के लिए नगर परिषद कार्यालय परिसर के बाहर लगने वाली फल-सब्जी की लगभग 25 फड़ियों को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा। इसके लिए नगर परिषद ने शहर में दूसरी जगह की तलाश शुरू कर दी है। उचित जगह मिलने के बाद इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
फिलहाल मल्टीपर्पसस इमारत का काम अभी जारी है और इसके मार्च 2026 में पूरा होने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस काम के पूरा होने के बाद परिसर के बाहर सड़क किनारे जल निकासी की उचित व्यवस्था के लिए नाला तैयार किया जाएगा। इसके लिए इस स्थान पर लगने वाली फड़ियों को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा।
बता दें, पुराने नगर परिषद कार्यालय सह टाउन हाल के बाहर लंबे समय से मिनी स्टेडियम से लेकर मेटाडोर स्टैंड तक के हिस्से में फल-सब्जी वाले फड़ी लगाकर अपना कारोबार चलाते हैं। नगर परिषद की तरफ से इनको लाइसेंस भी दिए गए हैं जिससे बिना किसी परेशानी के अपना काम करते आ रहें हैं। यह इनके कारोबार के लिए एक उपयुक्त जगह है। अब दो साल पहले नगर परिषद के पुराने कार्यालय और टाउन हाल को ध्वस्त कर 17 करोड़ की लागत से मल्टीपर्पसस इमारत तैयार की जा रही है। इसमें पार्किंग, नगर परिषद कार्यालय और शापिंग कॉम्पलेक्स बनेगा। इससे शहरवासियों की लंबे समय से चली आ रही पार्किंग की मांग पूरी होगी और साथ ही शहर में एक आधुनिक शॉपिंग काॅम्प्लेक्स बनने से शहर की सुंदरता में भी बढ़ोतरी होगी। इस पूरी परियोजना के एक हिस्से में बाहर सड़क किनारे फल सब्जी की फड़ियों को हटाने की योजना भी शामिल है।
क्या कहते हैं फड़ी वाले
बीते लगभग ढाई दशक से यहां अपना काम काज कर रोजी रोटी कमा रहे हैं, प्रशासन का भी हमेशा अच्छा सहयोग रहा है। अब अगर विकास कार्य के लिए हमें दूसरी जगह स्थानांतरण करने की जरूरत पड़ती है तो हमें पूरी उम्मीद हैं कि प्रशासन हमें शहर के भीतर ही किसी ऐसी जगह उपलब्ध कराएगा, जिससे हमारा रोजगार पहले की तरह की चलता रहे और किसी तरह की कोई परेशानी न हो। फिलहाल तो यही अनुरोध है कि प्रशासन जो भी जगह तलाश करे, हमें विश्वास में लेकर ही करे ताकि आगे किसी तरह की कोई समस्या पैदा न हो।
-
हंस राज ठाकुर, चेयरमैन, रेहडी फड़ी यूनियन उधमपुर
क्या कहते हैं अधिकारी
फिलहाल इस योजना को अमली जामा पहनाने में अभी छह महीने तक का समय है, फिर भी हमने फड़ी वालों को दूसरी जगह पर स्थानांतरण करने के लिए शहर के भीतर ही दूसरी उपयुक्त जगह की तलाश शुरू कर दी है। फड़ी वाले अभी कुछ समय बिना किसी चिंता के यहां अपना कारोबार कर सकते हैं और जब इन्हें यहां से हटाने की जरूरत पड़ेगी, तब भी इस बात का पूरा ख्याल रखा जाएगा कि यहां इन्हें जहां स्थानांतरित किया जाए वहां इन्हें किसी तरह की कोई परेशानी न हो।
-
सद्दाम हुसैन, सीईओ नगर परिषद