उधमपुर। मियां बाग से अपर सयाल सड़क की जर्जर हालत को लेकर शनिवार को मियां बाग (बरियाल) में ग्रामीणों की तरफ से यूईईडी और लोक निर्माण विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने उक्त दोनों विभागों का संयुक्त पुतला भी जलाया। उन्होंने मांग की कि सड़क की हालत को जल्द से जल्द सुधारा जाए ताकि लोगों को आवाजाही को लेकर पेश आ रहीं परेशानी से राहत मिल सके।
वहीं प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे स्थानीय समाज सेवक पवन ठाकुर ने कहा कि लगभग छह साल पहले कई बार धरना-प्रदर्शन के बाद इस सड़क पर तारकोल बिछाई गई थी लेकिन इसके दो साल बाद यूईईडी विभाग ने अपनी सीवरेज की पाइप लाइन बिछाने के लिए इसे उखाड़ दिया। आश्वस्त किया था कि एक साल के भीतर इसे पहले जैसे कर दिया जाएगा।
वहीं अब चार साल गुजर जाने के बाद भी अब तक इसकी दोबारा से मरम्मत नहीं की गई है। यह सड़क लोक निर्माण विभाग की है और हमने कई बार उनसे भी मांग की है कि इस सड़क की हालत को सुधारा जाए लेकिन इसके बावजूद उनकी मांग को पूरा नहीं किया जा रहा है।
इसके चलते पूरी सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे पड़ चुके हैं। चार पहिया वाहन हिचकोले खाते गुजरते हैं जबकि दोपहिया वाहनों के लिए यहां से गुजरना जान को जोखिम उठाने से कम नहीं हैं। खासकर बरसात के बाद पूरी सड़क कीचड़ और फिसलन से भर जाती है और लोगों का पैदल गुजरना भी मुश्किल हो जाता है।
इसलिए अब मजबूर होकर हमें प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा है। इस प्रदर्शन के बाद भी अगर सड़क की हालत में सुधार के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया तो आगे वे इससे भी उग्र प्रदर्शन करने पर मजबूर हो जाएंगे।