उधमपुर। यूटी कैपेक्स बजट के तहत उधमपुर की पंचायत हरितयान में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की तरफ से करीब 73.62 लाख रुपये की लागत से एक किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी। इस परियोजना का टेंडर जारी कर दिया गया है और विभागीय अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य बहुत जल्द शुरू हो जाएगा।
यह सड़क पंचायत घर हरितयान से प्राइमरी स्कूल कुंड वाया पगवा मोहल्ला से होते हुए बनाई जाएगी और आगे मुख्य मार्ग से जोड़ेगी। इससे न केवल आवागमन में सुगमता आएगी बल्कि क्षेत्र के लोगों को विकास की नई राह भी मिलेगी। लंबे समय से ग्रामीणों को खराब रास्तों और बरसात के मौसम में कीचड़ भरे मार्गों से होकर गुजरना पड़ता था। अब सड़क निर्माण होने से करीब दो हजार से अधिक की आबादी को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
देव राज, नीलम शर्मा, साहिल शर्मा, अनुज कुमार व अन्य स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से इस सड़क के निर्माण की मांग की जा रही थी। बारिश के दौरान यहां से स्कूल जाने वाले बच्चों और बीमार लोगों को अस्पताल ले जाने में भारी परेशानी होती थी। अब नई सड़क बनने से शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों में भी सुधार की उम्मीद है। यह क्षेत्र के विकास के लिए भी एक बड़ा कदम है।
कोट
सड़क के निर्माण को लेकर टेंडर जारी कर दिया गया और इसकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे का काम भी जल्द पूरा किया जाएगा।
-
रोहित गुप्ता, एईई लोक निर्माण विभाग