भद्रवाह। जम्मू-कश्मीर कृषि उत्पादन विभाग की तरफ से शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, जम्मू (एसकेयूएएसटी-जम्मू) के सहयोग से जम्मू-कश्मीर में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में प्रतिस्पर्धात्मकता सुधार परियोजना (जेकेसीआईपी) के अंतर्गत किसान संपर्क अभियान का शुभारंभ किया गया।
यह कार्यक्रम भद्रवाह के सामुदायिक भवन में डोडा ज़िले में हुआ। कार्यशाला में 300 से अधिक किसानों ने भाग लिया। इसकी शुरुआत ग्रामीण ऋण कार्यशालाओं के साथ हुई। इसका उद्देश्य किसानों को आसान ऋण सुविधाओं में सुधार लाना व कृषि उत्पादकता और स्थिरता को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम भद्रवाह के सामुदायिक भवन में स्कास्ट जम्मू के प्रोफेसर बीएन त्रिपाठी और जेकेसीआईपी के मिशन निदेशक संदीप कुमार के नेतृत्व में आयोजित हुआ।
इसमें जिला विकास परिषद के अध्यक्ष धनांतर सिंह कोतवाल, विधायक दलीप सिंह परिहार, अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त रोशन लाल, भद्रवाह के अतिरिक्त उपायुक्त सुनील कुमार भूत्याल, केवीके डोडा के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. नीरज कोतवाल, मुख्य कृषि अधिकारी अमजद मलिक व अन्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में किसानों को अपने कृषि उपक्रमों को मजबूत करने के लिए जेकेसीआईपी के तहत सरकारी और केंद्रीय योजनाओं का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। जिन्हें विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध ऋण सुविधाओं पर विस्तृत मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जिसमें कृषि-आला फसलों को बढ़ावा देना, बागवानी विकास, किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ), स्टार्टअप इनक्यूबेशन और बाजार लिंकेज शामिल हैं। प्रत्येक प्रतिभागी को जेकेसीआईपी के घटकों, जैसे पीएमएफबीवाई, केसीसी, कृषि अवसंरचना कोष, एचएडीपी, आदि पर एक विस्तृत ब्रोशर भी प्रदान किया गया।