उधमपुर। मंगलवार शाम से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला बुधवार दोपहर तक लगातार जारी रहने से दिनभर आम जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। बारिश के चलते नदी-नाले भी उफान पर रहे और इनका जलस्तर बढ़ने से कहीं खेतों में पानी भर जाने से फसलों को नुकसान पहुंचा तो कहीं पहाड़ियों से पस्सियां गिरने से सड़कों पर यातायात प्रभावित रहा।
उधमपुर-पखलाई रोड और रामनगर-बसंतगढ़ रोड पर कई जगह पस्सियां गिरने से वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही। इससे लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। चक्क कालटा रोड पर मनोआ गांव के बरसाती नाले का जलस्तर बढ़ने से सड़क की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई।
उधमपुर के रेहम्बल के वार्ड नंबर 7 में एक कच्चा मकान बारिश से गिर गया। इस हादसे में घर की मालकिन 75 वर्षीय विद्या देवी जख्मी हो गईं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर है। उन्होंने बताया कि मकान गिरने से काफी नुकसान हुआ है। प्रशासन से मदद की उम्मीद है।
इसी तरह शहर के भीतर भी लगातार बारिश से दिनभर जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। क्षतिग्रस्त गलियों व सड़कों पर जलभराव से लोगों को आवाजाही को लेकर दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। हालांकि शाम को 4 बजे के बाद बारिश बंद होने से मौसम में हल्का सुधार आया।