उधमपुर। व्यापार मंडल उधमपुर ने भी सफाई कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से इनके जल्द समाधान की अपील की है। इसको लेकर बुधवार को व्यापार मंडल का एक शिष्टमंडल अध्यक्ष जितेंद्र बरमानी की अध्यक्षता में जिला विकास आयुक्त सलोनी राय से भी मिला। जहां उन्होंने डीसी से शहर की सफाई व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए तत्काल उचित कदम उठाने की अपील की।
बताया कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से शहर में हजारों टन गंदगी के ढेर जमा हो गए हैं। दुर्गंध से बुरा हाल हो रहा है और बीमारियां फैलने का भी डर पैदा हो गया है। इससे शहर का कारोबार भी इससे बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसलिए जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान कर राहत दिलाई जाए अन्यथा शहर के कारोबारी भी सफाई कर्मचारियों के साथ धरना प्रदर्शन करने पर मजबूर हो जाएंगे। इसको लेकर एक ज्ञापन भी डीसी को सौंपा। डीसी ने आश्वस्त किया है कि दो-चार दिन में समस्या के समाधान के लिए कोई रास्ता तलाशा जाएगा।
अध्यक्ष जितेंद्र बरमानी ने बताया कि डीसी को ज्ञापन सौंपने के बाद अब हम विधायक से भी मुलाकात करेंगे क्योंकि शहर में लगातार बिगड़ रही सफाई व्यवस्था आम शहरवासियों की सेहत के साथ कारोबार के लिए खतरा पैदा कर रही है। इसके लिए व्यापार मंडल पूरा प्रयास करेगा कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान हो, लेकिन अगर जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो व्यापार मंडल भी सफाई कर्मचारियों के साथ धरने पर बैठने को मजबूर हो जाएगा।