उधमपुर। चारदीवारी की कमी से जूझ रहे ब्लाॅक उधमपुर के गवर्नमेंट मिडिल स्कूल चिब्ब की समस्या को जल्द दूर किया जाएगा। इसके लिए 7.60 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है। चारदीवारी बनने से स्कूल में छात्रों को पेश आ रही समस्याओं का समाधान हो जाएगा। इससे अभिभावकों को भी स्कूल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर होने वाले चिंता से राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि जीएमएस चिब्ब की स्थापना 1978 में हुई थी, लेकिन इसके बाद कई साल बीत जाने के बाद भी अभी तक यह बिना सुरक्षा दीवार के ही चल रहा था। इससे स्कूल में मवेशी वगैरह भी घुस आते थे और शरारती तत्व भी बेरोकटोक स्कूल परिसर में घूमते थे। इससे स्कूल की सुरक्षा को लेकर परेशानी बनी हुई थी।
स्थानीय मोहन लाल, कस्तूरी लाल, संजय कुमार व अन्य का कहना है कि स्कूल में चारदीवारी की जरूरत काफी समय से महसूस की जा रही है। क्योंकि चारदीवारी नहीं होने से स्कूल और इसमें पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती थी। मवेशी भी स्कूल परिसर में घूस जाते थे और नशा वगैरह करने वाले शरारती लोग भी बेरोकटोक स्कूल परिसर में आ जाते थे। इससे स्कूल की इमारत को भी नुकसान हो रहा था। इसलिए स्कूल की बाउंड्री वॉल बनाने की मांग काफी सालों से की जा रही है। इसके बनने से इन सभी समस्याओं का समाधान हो जाएगा।
कोट
स्कूल की चारदीवारी बनाने के लिए टेंडर जारी हो गया है। इसकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे का काम भी जल्द पूरा किया जाएगा।
-रोहित गुप्ता एईई, लोक निर्माण विभाग
रिपोर्ट-विजय कुमार