उधमपुर। सामान्य विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) के लिए प्रदेश के बाहर केंद्र बनाए जाने से छात्रों को पेश आ रही परेशानी को लेकर स्थानीय नेता पवन खजूरिया ने गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द छात्रों की इस परेशानी का समाधान किया जाए अन्यथा उन्हें इसके खिलाफ सड़कों पर उतर कर उग्र प्रदर्शन करने पर मजबूर होना पड़ेगा।
बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में पवन खजूरिया ने कहा कि 12वीं के बाद काॅलेज में एडमिशन लेने के लिए सीईयूईटी परीक्षा से किसी को कोई परेशानी नहीं हैं लेकिन इस परीक्षा के लिए प्रदेश के बाहर अन्य राज्यों में परीक्षा केंद्र बनाया जाना गरीब छात्रों को प्रताड़ित करने जैसा है। जम्मू कश्मीर के गरीब छात्र-छात्राओं को अन्य राज्यों में जाकर इस परीक्षा को देने के लिए अतिरिक्त राशि का प्रबंध करना पड़ रहा है। ऐसे में कई गरीब बच्चे आर्थिक तंगी के कारण इतने पैसों का प्रबंध नहीं कर पाते और परीक्षा से चूक जाते हैं। इससे उनका काॅलेज में पढ़ने का सपना भी चकनाचूर हो जाता है। उन्होंने कहा कि यह काफी चिंताजनक है कि इस परीक्षा के नाम पर बच्चों को प्रताड़ित होना पड़ रहा है और कईयों की पढ़ाई छूट रही है। इसलिए प्रदेश प्रशासन, सरकार और एचआरडी मंत्रालय से यह आग्रह है कि प्रवेश परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र अन्य राज्यों में बनाए जाने की बजाय प्रदेश के भीतर ही उनके घरों के नजदीक बनाएं जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर बच्चों की इस समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे उग्र प्रदर्शन करने पर मजबूर हो जाएंगे। पत्रकार वार्ता में उनके साथ राजकुमार बुच्चा व अन्य भी मुख्य रूप से मौजूद थे।