उधमपुर। गुरु तेग बहादुर साहिब का प्रकाश पर्व शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर शहर के ओमाड़ा मोड़ स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में काफी संख्या में संगत ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत में सुबह सवा दस बजे भोग डाला गया। इसके बाद शब्द कीर्तन और गुरु जी के महान जीवन पर प्रकाश डाला गया। इसमें वक्ताओं ने गुरु तेग बहादुर के इतिहास से लोगों को अवगत कराया। लगभग सवा एक बजे अरदास हुई और उसके बाद लंगर वितरित किया गया। प्रकाश पर्व को लेकर गुरुद्वारे में विशेष सजावट की गई थी। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य अमृतपाल सिंह दत्ता ने सभी को गुरु तेग बहादुर के प्रकाश पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि कश्मीर पंडितों की पुकार पर श्री गुरु तेग बहादुर साहिब ने हिंदू धर्म की रक्षा के लिए दिल्ली के चांदनी चौक में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया लेकिन मुगल बादशाह औरंगजेब के धर्म परिर्वतन के मंसूबे को कामयाब नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि सभी को गुरु के जीवन से सीख लेनी चाहिए और उनके दिखाए मार्ग पर चलकर अपना जीवन सफल बनाना चाहिए।