उधमपुर। गवर्नमेंट हाई स्कूल जंद्राडी में स्टाफ की कमी से बच्चों की शिक्षा प्रभावित होने से ग्रामीण परेशान हैं। पहली से 10वीं कक्षा के इस स्कूल में कुल 13 पद मंजूर हैं, लेकिन वर्तमान में इस स्कूल में मात्र 5 शिक्षक ही तैनात हैं। यह समस्या स्कूल में बीते लगभग डेढ़ साल से बनी हुई है। इससे स्कूल में पढ़ने वाले 182 विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
इसको लेकर गांववासियों का कहना है कि कई बार इस मांग को शिक्षा विभाग के अधिकारियों के समक्ष उठाया गया है लेकिन अभी तक स्कूल में स्टाफ पूरा नहीं किया गया है।
क्षेत्र के पूर्व सरपंच सूरम चंद खजूरिया ने बताया कि यह काफी दुखद है कि एक तरफ सरकार सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान के बड़े-बड़े दावे करती है लेकिन दूसरी तरफ शिक्षकों की कमी से जूझ रहे ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले से ही शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हाई स्कूल जंद्राडी से दो शिक्षकों को दूसरे स्कूलों में अटैच कर दिया गया। बाद में ग्रामीणों के आवाज उठाने के बाद अब उन दो को वापस स्कूल में भेज दिया गया है, लेकिन स्कूल में अभी भी शिक्षकों की कमी है जिसे पूरा किया जाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर उन्होंने शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया है। वहीं इसको लेकर प्रेम चंद, राजकुमार तथा ओम प्रकाश व अन्य ने बताया कि स्कूल में शिक्षकों की कमी से गांव के लगभग दौ सौ बच्चों का भविष्य खराब हो रहा है। इसलिए जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान किया जाना चाहिए।
-
कोट
हाई स्कूल जंद्राडी में स्टाफ की कमी को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। कुछ दिनों के भीतर ही इस समस्या को दूर कर दिया जाएगा।
-
कल्पना जसरोटिया, डिप्टी सीईओ